लिस्बन, पुर्तगाल: भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन में एक विशेष समारोह के दौरान ‘की ऑफ ऑनर’ (Key of Honour) से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें लिस्बन के ऐतिहासिक सिटी हॉल – क्यामारा म्यूनिसिपल दे लिस्बोआ में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया।
यह सम्मान लिस्बन के मेयर द्वारा राष्ट्रपति मुर्मू को सौंपा गया। इस अवसर पर लिस्बन के कई गणमान्य नागरिक, राजनयिक समुदाय के सदस्य तथा भारतीय और इंडो-पुर्तगाली समुदाय के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
राष्ट्रपति मुर्मू ने इस सम्मान के लिए लिस्बन के मेयर और वहाँ की जनता का आभार व्यक्त किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “मैं लिस्बन के लोगों की आत्मीयता, खुले विचारों, सहिष्णुता की भावना और विविधता के प्रति सम्मान की सराहना करती हूँ।”
राष्ट्रपति के इस दौरे को भारत और पुर्तगाल के बीच मजबूत होते द्विपक्षीय संबंधों के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है। यह सम्मान भारत और पुर्तगाल के मैत्रीपूर्ण संबंधों को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।